सक्तेशगढ़ आश्रम में संत बाबा मोतीलाल महाराज ने ली समाधि
मीरजापुर, 22 अगस्त (हि.स.)। सक्तेशगढ़ स्थित परमहंस आश्रम से जुड़े संत बाबा मोतीलाल महाराज का शनिवार सुबह करीब छह बजे 80 वर्ष की आयु में देहांत हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही आश्रम के अनुयायियों और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अंतिम दर्शन के लिए आश्रम पहुंचने लगे।
बताया गया कि बाबा मोतीलाल महाराज लंबे समय से आश्रम से जुड़े हुए थे। वह सिद्धनाथ दरी के समीप स्थित आश्रम में रहकर आध्यात्मिक साधना करते थे। अपनी सादगी, सहज व्यवहार और आध्यात्मिक विचारों के कारण क्षेत्र में उनका विशेष सम्मान था।
शनिवार सुबह उनके देह त्याग करने की जानकारी मिलते ही आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया। अनुयायियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए आध्यात्मिक मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
आश्रम परिवार की ओर से विधि-विधान के साथ बाबा मोतीलाल महाराज को आश्रम परिसर के समीप ही समाधि दी गई। समाधि के दौरान माहौल भावुक रहा और श्रद्धालुओं की आंखें नम नजर आईं। उनके निधन से आश्रम परिवार और अनुयायियों ने एक संत पुरुष को खोने की बात कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

