home page

योग दिवस को जनांदोलन बनाने के लिए निकली भव्य 'रन फॉर योगा' रैली

 | 
योग दिवस को जनांदोलन बनाने के लिए निकली भव्य 'रन फॉर योगा' रैली


मीरजापुर, 19 जून (हि.स.)। 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार सुबह भव्य रन फॉर योगा रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ राजकीय इंटर कॉलेज महुवरिया से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार के मार्गदर्शन में किया गया।

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. श्रीकांत रजक, नोडल अधिकारी माध्यमिक शिक्षा अनिता यादव तथा राजकीय इंटर कॉलेज महुवरिया के प्रधानाचार्य महेंद्र नाथ ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने राजकीय इंटर कॉलेज महुवरिया से जिला कलेक्ट्रेट तक दौड़ लगाकर योग के प्रति लोगों को जागरूक किया।

रैली के सफल आयोजन में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, आयुष विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों तथा पुलिस विभाग का सराहनीय सहयोग रहा।

डॉ. श्रीकांत रजक ने जनपदवासियों से अपील की कि 21 जून को राजकीय इंटर कॉलेज महुवरिया में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योग दिवस को जनांदोलन बनाने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम योगा फार हेल्थ अगेन निर्धारित की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा