दशहरे के अवसर पर यूपी रोडवेज की बसें लगाएंगी अतिरिक्त फेरे
| Oct 12, 2026, 23:48 IST
नोएडा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद गौतम बुद्ध नगर की विभिन्न डिपो की रोडवेज बसें दशहरे के अवसर पर अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। दशहरे पर छुट्टी के चलते बड़ी संख्या में लोगों के घर जाने की संभावना के चलते यह व्यवस्था की जा रही है।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम गौतमबुद्ध नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि 20 अक्तूबर को दशहरा है। दशहरे से एक दिन पहले ही डिपो में यात्रियों की अधिक संख्या की संभावना है। ऐसे में यात्रियों की संख्या के आधार पर 19 और 20 अक्तूबर को बसें अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। यहां के दोनों डिपो में बसों की संख्या 305 है। सभी साधारण और सीएनजी से चलने वाली बसें हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

