home page

बाढ़ से काटा जमालपुर-रामपुर मार्ग अब तक नहीं हुआ दुरुस्त, दो दर्जन गांवों का संपर्क प्रभावित

 | 
बाढ़ से काटा जमालपुर-रामपुर मार्ग अब तक नहीं हुआ दुरुस्त, दो दर्जन गांवों का संपर्क प्रभावित


मीरजापुर, 11 सितंबर (हि.स.)। जमालपुर क्षेत्र में बाढ़ के पानी से बचाव के लिए करीब एक पखवाड़े पूर्व काटा गया जमालपुर-रामपुर-बेलहर-ओड़ी मार्ग अब तक दुरुस्त नहीं हो सका है। इससे करीब 24 से अधिक गांवों के लोगों का ब्लॉक मुख्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सीधा संपर्क प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों को जरूरी काम के लिए कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

बताया गया कि गड़ई नदी का तटबंध टूटने से करजी, हसौली, धोबही, बियरही समेत कई गांवों और सिवानों में पानी भर गया था। फसलों और घरों को बचाने के लिए ग्रामीणों ने हसौली और करजी के बीच जेसीबी से सड़क काटकर पानी का रास्ता बनाया था। इससे आवागमन पूरी तरह बंद हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्ष आई बाढ़ के दौरान करजी गांव के पास गड़ई नदी के तटबंध कई स्थानों पर टूट गए थे। सिंचाई विभाग की ओर से उनकी मरम्मत नहीं कराए जाने के कारण इस वर्ष दोबारा बाढ़ का पानी गांवों और खेतों में पहुंच गया। अब पानी निकल चुका है, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं होने से समस्या बनी हुई है।

मार्ग कटने से करजी, धोबही, रामपुर, बेलहर, दौलताबाद, भाईपुर, भुईली, हाजीपुर, जिगना, सुरहां, बियरही, बिषौरा, शेरवां, विक्सी, जफराबाद और भोकरौध समेत करीब 24 से अधिक गांव प्रभावित हैं। ग्राम प्रधानों और समाजसेवियों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क दुरुस्त कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा