home page

देवरिया की बंगरुआ वितवारी टोला की सड़क 15 साल से अधूरी, ग्रामीणों के लिए मुश्किल का सबब बनी

 | 
देवरिया की बंगरुआ वितवारी टोला की सड़क 15 साल से अधूरी, ग्रामीणों के लिए मुश्किल का सबब बनी


देवरिया, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भाटपार रानी तहसील क्षेत्र में पडरी रोड से बंगरुआ वितवारी टोला होते हुए खुरवसियां तक जाने वाला मुख्य मार्ग पिछले करीब 15 वर्षों से अधूरा पड़ा है। सड़क का निर्माण न होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

लगभग 4 किलोमीटर लंबा यह मार्ग आधा दर्जन से अधिक ग्राम टोलों को आपस में जोड़ता है। साथ ही यह सिकटिया और बासवन चक जैसे गांवों को भी जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। खराब हालत के चलते यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो गया है। यह मार्ग एक मुख्य सड़क को दूसरी मुख्य सड़क से जोड़ता है, इसलिए इसका महत्व और भी बढ़ जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि यही एकमात्र प्रमुख रास्ता है, जिससे वे बाजार, स्कूल और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में भी दिक्कत होती है, जबकि बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। यह मार्ग हरिराम चौराहा, पादरी बाजार, भवानी छापर, बंगरा बाजार को जोड़ते हुए खुरवसिया से प्रतापपुर सिकटिया तक जाता है, जिससे इसकी उपयोगिता और भी बढ़ जाती है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। करीब पांच वर्ष पहले ग्राम प्रधान संतोष यादव के नेतृत्व में कुछ मरम्मत कार्य कराया गया था, लेकिन मुख्य मार्ग का निर्माण अधूरा ही छोड़ दिया गया।

ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक सभाकंवर से भी सड़क निर्माण कराने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि यह मार्ग बन जाता है तो क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन सुगम हो जाएगा।

सड़क निर्माण की मांग करने वालों में रमाशंकर कुशवाहा, लाल बाबू कुशवाहा, अखिलेश ठाकुर, हरे राम ठाकुर, अजीत खरवार, अनिल यादव, सुनील यादव, धर्मेंद्र और कमलेश कुमार सहित कई ग्रामीण शामिल हैं।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक