home page

बेकाबू ट्रक ने दो बाइक सवारों को मारी टक्कर, शिक्षक की मौत

 | 
बेकाबू ट्रक ने दो बाइक सवारों को मारी टक्कर, शिक्षक की मौत


औरैया, 08 सितम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना कोतवाली क्षेत्र में किशनी रोड पर सहसपुर मोड़ के पास मंगलवार को तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में प्राइवेट स्कूल के शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

एरवा कुटीर निवासी शरद उर्फ रामजी पोरवाल (30) पोरवाल एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक थे। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। मंगलवार को वह किसी काम से बिधूना स्थित सेंट्रल बैंक गए थे। काम निपटाने के बाद बाइक से एरवा लौट रहे थे। जैसे ही वह किशनी रोड पर सहसपुर मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि शरद उछलकर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के दौरान ट्रक ने सड़क किनारे खड़े एक अन्य बाइक सवार नवीन तिवारी, निवासी निवाजपुर को भी टक्कर मार दी। कि नवीन अपने भाई के साथ एरवा कटरा से आधार कार्ड में बदलाव कराने के बाद घर लौट रहे थे। सहसपुर मोड़ पर कुछ देर के लिए रुके थे, तभी ट्रक की चपेट में आ गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल नवीन को बिधूना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बिधूना कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार