home page

रेलवे रोड निर्माण को लेकर व्यापारी भिड़े,पालिकाध्यक्ष ने रुकवाया निर्माण

 | 
रेलवे रोड निर्माण को लेकर व्यापारी भिड़े,पालिकाध्यक्ष ने रुकवाया निर्माण


फर्रुखाबाद,17 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में शहर की रेलवे रोड के निर्माण को लेकर व्यापारी संगठन में रार शुरू हो गई है। रेलवे रोड का निर्माण शुरू करने के लिए शुक्रवार काे नारियल फोड़ा गया। एक संगठन ने शुभारंभ की मिठाई खाई तभी दूसरे संगठन ने निर्माण पर मानक विहीन होने का आरोप लगाते हुए रुकवा दिया।

महिला व्यापार मंडल की जिलाध्यक्ष सोनी शुक्ला का कहना है कि पालिका के ईओ को भी ना जाने क्या जल्दी पड़ गयी की रात के सन्नाटे में शिलान्यास कर नारियल फोड़ने चले आये।

दरअसल बीती रात शुक्रवार को नगर पालिका के ईओ विनोद कुमार अपने साथ उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला के साथ रेलवे रोड पर जेसीबी के साथ पंहुचे और नारियल फोड़कर सड़क निर्माण का श्री गणेश करा दिया। ‘फैम’व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा, जिला महामंत्री विमलेश मिश्रा आदि व्यापार मंडल के नेता आ गये। पालिका ने 7 मीटर की सड़क बनाने की बात कही, जबकि फैम व्यापार मंडल ने सड़क 10 मीटर की बनाने की बात कहकर कार्य रुकवा दिया और चेयरमैन को मौके पर बुलाने की बात कही, लेकिन उनका मोबाइल ही बंद हो गया।

उद्योग व्यपार मंडल की महिला मोर्चा अध्यक्ष सोनी शुक्ला ने भी सड़क 10 मीटर बनाने का समर्थन कर फैम व्यापार मंडल के पक्ष में खड़ी नजर आयी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों पर कुठाराघात नहीं होने दिया जाएगा। यदि सड़क बनाई गई तो महिला व्यापार मंडल इसका विरोध कर धरना प्रदर्शन करेगा।

पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने शनिवार काे बताया कि सड़क निर्माण को लेकर व्यापारियों में छिड़ी रार को देखते हुए निर्माण कार्य फिलहाल के लिए रोक दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar