home page

अमरोहा: यात्री बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, नेपाल के दो मजदूरों की मौत, 11 घायल

 | 
अमरोहा: यात्री बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, नेपाल के दो मजदूरों की मौत, 11 घायल


अमरोहा, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में मोहम्मदाबाद गांव के पास ओवरब्रिज पर सोमवार की सुबह लद्दाख से मजदूरी कर लौट रहे नेपाल के मजदूरों की बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि आज सुबह सूचना मिली कि लद्दाख से मजदूरी कर लौट रहे नेपाल के मजदूरों की बस मोहम्मदाबाद गांव के सामने हाईवे के ओवरब्रिज पर सीमेंट की बोरी लदे ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बस में सवार दो यात्रियों भगीराम (58) और सुर वशिष्ठ (45) की मौत हो गई, जबकि मृतक भगीराम की पुत्रवधू पुष्पा, बेटा विनोद, पुष्पा के गोद का बच्चा निखिल(02), ओम बहादुर राहुल उसकी पत्नी ओसा, ध्रुव प्रसाद, लक्ष्मी प्रसाद व उसकी पत्नी रीता देवी, राजेश, आरोही (01) पुत्र राजेश, नूर वशिष्ठ, टेक बहादुर, देवा, ओमफा सिंह, कमल, मनीराम, बस चालक धीरेंद्र व परिचालक प्रकाश समेत 11 लोग घायल हो गए।

सूचना पाकर स्थानीय पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। क्रेन मदद से क्षतिग्रस्त बस व ट्रैक्टर ट्रॉली को हाईवे से हटवाया गया।

एएसपी ने बताया कि प्रथमदृष्टया जांच में ये पाया गया कि चालक को नींद की झपकी आने की वजह से ये हादसा हुआ हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर मामले की छानबीन कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक