home page

कुशीनगर में कार और बाइक की टक्कर, तीन की मौत

 | 
कुशीनगर में कार और बाइक की टक्कर, तीन की मौत


कुशीनगर, 27 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में शनिवार को तेज रफ्तार कार और बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची अहिरौली बाजार थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

कसया क्षेत्राधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि यह हादसा अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के हाटा-पिपराइच मार्ग पर सोनबरसा पट्टन के पास शनिवार को हुआ। हाटा की ओर से अहिरौली बाजार की दिशा में जा रही एक बाइक की सामने से आ रही अर्टिगा कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान विवेक सिंह (25), शालू (31) और माधुरी (55) निवासी डुमरी स्वांगी पट्टी, थाना कोतवाली हाटा, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त अर्टिगा कार को कब्जे में ले लिया है। साथ ही कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा किस परिस्थिति में हुआ। कार चालक को खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक