home page

सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत, एक घायल

 | 
सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत, एक घायल


फिरोजाबाद, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार को ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। तीनों आपस में दोस्त थे। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।

थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत गांव नौशहरा के पास सोमवार को एक ट्रक ने सिरसागंज की तरफ से आ रही एक मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। घटना में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की ट्रक के पहिए के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। दुर्घटना देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया है।

थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान शेख की सराय सिरसागंज निवासी अरहान (19) और अनस (19) के रूप में हुई है। वही, इसी गांव का उजैफ (20) घायल है। घटना की जानकारी होते हो परिजन भी आ गए और शवों को देखकर रोने लगे।

परिवार ने पुलिस को बताया कि तीनों युवक आपस में दोस्त थे। वे लोग ईद के लिए कपड़ों की खरीदारी करने शिकोहाबाद आ रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए।

थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया की शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाकर आगे की कार्रवाई की जा रही ।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़