सड़क हादसों में वृद्ध सहित दो की मौत
फिरोजाबाद, 18 अप्रैल (हि.स.)। जनपद मे शनिवार को अलग-अलग थाना क्षेत्र अन्तर्गत सड़क हादसों में वृद्ध सहित दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई है और घटनाओं की जांच कर रही है।
जनपद आगरा के मंगलपुर, एत्मादपुर निवासी राजन सिंह (50) कि बेटी की शादी पांच मई को है। इसकी तैयारी चल रही थी। शनिवार को वह मोटरसाइकिल कार्ड बांटने जनपद के सत्यनगर आ रहे थे। रास्ते में बेंदी की पुलिया के पास पीछे से एक ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह मोटरसाइकिल से छिटककर सड़क पर गिरे और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। थानाध्यक्ष राकेश गिरी ने बताया कि तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
वहीं दूसरा हादसा एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर हुआ। गांव उतरारा निवासी अशोक कुमार (65) ट्रैक्टर पर बैठकर खेत की जोताई कराने जा रहे थे। ट्रैक्टर उनका चालक चला रहा था। गांव के बाहर ईंट भट्ठे के पास सामने से आ रहे एक अन्य ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी, जिससे अशोक कुमार नीचे गिर गए और अपने ही ट्रैक्टर के पहिए और मडगार्ड के बीच फंस गए। दुर्घटना देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। किसी तरह फंसे हुए शव को बाहर निकाला। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
इंस्पेक्टर राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपित चालक की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

