home page

सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार भाई-बहन की मौत

 | 
सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार भाई-बहन की मौत


फिरोजाबाद, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फिराेजाबाद जिले के थाना मक्खनपुर क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार को सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश कर रही है।

थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव भूड़ा-भरथरा निवासी वीरपाल थाना उत्तर क्षेत्र के इंदिरा नगर में किराए के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा शिवम अपनी बहन रश्मि के साथ सोमवार को मोटरसाइकिल से गांव जा रहा था। जैसे ही मोटरसाइकिल मक्खनपुर थाना क्षेत्र में सांती गांव पुल के पास पहुंची, तभी अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई-बहन लहूलुहान होकर गिर पड़े। इस दौरान एक्सीडेंट करने वाला चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की तरफ से घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भाई-बहन को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी शिनाख्त हुई। भाई-बहन की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

थानाध्यक्ष चमन शर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जिस वाहन से दुर्घटना हुई, उसकी तलाश की जा रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़