अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, राहगीर घायल
कानपुर, 06 मई (हि.स.)। सजेती थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक राहगीर गम्भीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पड़ताल में जुट गई है।
सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि मृतक की पहचान कोटरा मकरंदपुर निवासी शिवा (28) के रूप में हुई। आज सुबह वह अपनी बाइक से सजेती स्थित डेयरी फार्म के लिए निकला था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी अबाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा रहे राहगीर बिलगवां निवासी राजन को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने बाइक सवार शिवा को मृत घोषित कर दिया। जबकि राजन का इलाज जारी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई करेगी।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

