home page

डिवाइडर से टकराई बाइक, लेदर कारोबारी की मौत, पत्नी गंभीर

 | 

कानपुर, 16 जून (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां इलाके में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में एक लेदर कारोबारी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ जब दंपति रिश्तेदारी से वापस घर लौट रहे थे। तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े।मृतक की पहचान रूमा निवासी मनोज कुमार (45) के रूप में हुई है। वह लेदर कारोबार से जुड़े थे। परिवार में पत्नी प्रेमा, बेटा शिवा व दो बेटियां श्रुति और शुभी हैं। बताया गया कि मनोज आज पत्नी के साथ नौबस्ता स्थित एक रिश्तेदार के यहां गए थे और दोपहर में बाइक से वापस लौट रहे थे।स्थानीय लोगों के अनुसार रामादेवी फ्लाईओवर पार करने के बाद अहिरवां क्षेत्र में पहुंचते समय बाइक का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते बाइक डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को कांशीराम अस्पताल भेजा।अस्पताल में डॉक्टरों ने मनोज कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी प्रेमा की हालत नाजुक होने पर उन्हें हैलेट अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मनोज ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन हादसा इतना भीषण था कि सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और पड़ोसियों का रो-रोकर बुरा हाल है। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, जबकि घायल महिला का इलाज अस्पताल में जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप