home page

सड़क हादसे में जिला उपभोक्ता आयोग की सदस्य की मौत

 | 
सड़क हादसे में जिला उपभोक्ता आयोग की सदस्य की मौत


सड़क हादसे में जिला उपभोक्ता आयोग की सदस्य की मौत


फिरोजाबाद, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना मक्खनपुर क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार को सड़क हादसे में जिला उपभोक्ता आयोग की सदस्य की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह भिजवाया है और घटना की जांच में जुट गई है।

जनपद आगरा के ताजनगरी फेस - 1 निवासी सोनम चतुर्वेदी (45) वर्ष 2022 से जिला उपभोक्ता आयोग फिरोजाबाद में सदस्य के रूप में कार्यरत थीं। वह बुधवार को अपनी कार से कोर्ट जा रही थीं। इसी दौरान थाना मक्खनपुर क्षेत्र अन्तर्गत हाइवे पर उनकी कार के आगे चल रही कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे उनकी कार आगे चल रही कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में सोनम चतुर्वेदी के सिर में गहरी चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना देख लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मक्खनपुर चमन शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर दोनों दुर्घटनाग्रस्त कारों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है और घटना की जांच कर रही है। इधर सूचना पर परिजन व अन्य लोग भी पहुंच गए। हादसे के बाद दूसरी कार का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है। थानाध्यक्ष मम्खनपुर चमन शर्मा का कहना है हादसे के कारणों की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

अधिवक्ताओं ने निधन पर जताया शोकजिला उपभोक्ता आयोग फिरोजाबाद की महिला सदस्य सोनम चतुर्वेदी की सड़क हादसे में मौत की सूचना के बाद बार एसोसिएशन फिरोजाबाद के अध्यक्ष हरवीर सिंह यादव व महासचिव के के चौहान एवं उनकी टीम ने शोक प्रस्ताव पारित किया तथा सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़