home page

सड़क हादसे में सिपाही की मौत, सिपाही सहित दो घायल

 | 
सड़क हादसे में सिपाही की मौत, सिपाही सहित दो घायल


फिरोजाबाद, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फिराेजाबाद के जिले में थाना मक्खनपुर क्षेत्र अन्तर्गत हाइवे पर इंदरई पुलिया के पास शुक्रवार देर रात अज्ञात वाहन के रौंदने से एक सिपाही की मौत हो गई। जबकि साथी सिपाही सहित दो लोग गंभीर रुप से घायल हाे गये। घायलाें काे इलाज के लिए असपताल में भर्ती कराया है।

गाजियाबाद जिले के थाना किला मोड़ पसौंदा निवासी ऋतिक (22) वर्ष 2025 बैच के सिपाही है। वर्तमान में उनकी तैनाती शिकोहाबाद थाने में थी। थाना मक्खनपुर क्षेत्र अन्तर्गत हाइवे पर इंदरई पुलिया के पास शुक्रवार देर रात ऋतिक व सिरसागंज में तैनात सिपाही मोहित और दारोगा के बेटे अवनीश को किसी अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये।

सूचना पर तत्काल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सक ने सिपाही ऋतिक को मृत घोषित कर दिया। बाकी दोनों गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। पुलिस मृतक सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लेकर आई है। पुलिस ने घटना से मृतक व घायलों के परिजनों को भी अवगत कराया। घायलों का आगरा के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायल अवनीश के पिता लखनऊ में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया है। सिपाही की मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। इस संबंध में थाना प्रभारी चमन शर्मा का कहना है हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। घटना की जांच कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़