कंटेनर की टक्कर से बुलेट सवार युवक की मौत, साथी घायल
फिरोजाबाद, 08 मार्च (हि.स.)। थाना टूंडला क्षेत्र अन्तर्गत रविवार को हाईवे पर कंटेनर ने बुलेट सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है।
हादसा थाना टूंडला क्षेत्र के हाइवे पर हजरतपुर फैक्ट्री के समीप हुआ। जहां एक तेज गति से आ रहे कंटेनर ने बुलेट सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक युवक घायल हो गया। दुर्घटना देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाने के साथ ही मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मृतक की पहचान फिरोजाबाद के उर्वशी टॉकीज के पास रहने वाले प्रिंस (21) के रूप में हुई है। जबकि घायल साथी अक्षत उर्फ दीपक है जो कि फरिया थाना क्षेत्र के लखऊआ गांव का रहने वाला है। दोनों लोग बुलेट मोटरसाइकिल से फिरोजाबाद से टूंडला की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक कंटेनर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कंटेनर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि कंटेनर को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

