home page

मथुरा में चाय पी रहे चार लोगों को अनियंत्रित कंटेनर ने रौंदा, दो की मौत

 | 
मथुरा में चाय पी रहे चार लोगों को अनियंत्रित कंटेनर ने रौंदा, दो की मौत


मथुरा, 20 मई(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के थाना गोविन्द नगर क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली-आगरा हाईवे पर मथुरा के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने चाय की दुकान पर बैठे लोगों को रौंद दिया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर वाहन कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

थाना गोविन्द नगर क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को भोर में गोकुल रेस्टारेंट के आगे चौधरी कैंटीन के सामने चाय की दुकान पर चाय पी रहे लोगों पर दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए कुचलता हुआ निकल गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही थाना गोविंद नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हाे गयी। मृतकाें में चंदौली, छाता निवासी ललित पुत्र जगदीश और एक अज्ञात व्यक्ति है। वहीं हादसे में घायल नरी, छाता निवासी तेजपाल पुत्र बासुदेव और गंगनपुर, एटा निवासी विकास पुत्र महेंद्र का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। थाना गोविंद नगर प्रभारी रवि त्यागी ने बताया कि पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के कारण कुछ देर तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त कंटेनर हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार