रोडवेज बस की चपेट में आए बुजुर्ग की मौत, चालक फरार
कानपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
हादसा कल्याणपुर क्रॉसिंग के पास इंद्रानगर चौराहे पर हुआ। जब बुजुर्ग पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हादसे के बाद मुख्य सड़क पर वाहनों की कतार लगने से कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और सड़क से शव हटवाकर आवागमन सामान्य कराया।
कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि मृतक हाफ लोअर और पीले रंग की टी-शर्ट पहने था। उसके हाथ में सब्जी का झोला था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

