home page

हरिद्वार से लौट रही यात्रियों से भरी बस गंगा एक्सप्रेस-वे पर पलटी, चार महिलाएं घायल

 | 
हरिद्वार से लौट रही यात्रियों से भरी बस गंगा एक्सप्रेस-वे पर पलटी, चार महिलाएं घायल


बदायूं, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के बिसौली थाना क्षेत्र स्थित गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार को हरिद्वार से लौट रही यात्रियों से भरी बस बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में चार महिलाएं घायल हुई हैं, जिन्हें अस्पताल भेजा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बिसाैली थाना प्रभारी कमलेश मिश्रा ने बताया कि एक टूरिस्ट बस हरिद्वार से गंगा एक्सप्रेस-वे होते हुए प्रयागराज जा रही थी। बिसौली थाना क्षेत्र के ग्राम फिरोजपुर के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर ड्राइवर को नींद की झपकी आ जाने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटने से अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे।

हादसे की जानकारी मिलते ही यूपीडा की एंबुलेंस, पीआरबी और स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। बचाव दल ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर घायलाें काे अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना में प्रयागराज निवासी सुरेश चंद्र की पत्नी संगीता, मीरापुर निवासी सुनील की पत्नी विमला, विजय प्रकाश की पत्नी मीना और आलोक की पत्नी अंजू घायल हुई हैं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक