home page

सड़क हादसे में युवक की मौत, खुशी की जगह फैला मातम

 | 
सड़क हादसे में युवक की मौत, खुशी की जगह फैला मातम


देवरिया, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रुद्रपुर-नारायणपुर मार्ग पर रविवार की शाम हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसा अवस्थी गांव के समीप उस समय हुआ जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

उपनिरीक्षक ज्ञान प्रसाद शुक्ला ने बताया कि भगवानपुर निवासी बेचन (28) पुत्र सदारी प्रसाद रविवार शाम बाजार से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। घर से कुछ दूरी पहले अवस्थी के पास सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बेचन गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि बेचन के घर दो दिन पहले ही पुत्र का जन्म हुआ था। अब इस घटना से परिवार परेशान है। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक ज्ञान प्रसाद शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक