home page

उन्नाव: डंपर की टक्कर में बोलेरो सवार तीन महिलाओं की मौत

 | 
उन्नाव: डंपर की टक्कर में बोलेरो सवार तीन महिलाओं की मौत


उन्नाव, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र स्थित बक्सर सुमेरपुर मार्ग पर बुधवार को तेज रफ्तार डंपर ने लापरवाही से ओवरटेक करते हुए बोलेरो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। घटना में कार सवार 11 लोग घायल हो गये, जिन्हें इलाज के लिए सुमेरपुर सामुदायिक केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि आठ लोग लोगों को जिला अस्पताल में रेफर किया है।

सीओ बीघापुर मधुप नाथ मिश्रा ने बताया कि ग्राम पठई अकोहरी निवासी नरेंद्र बहादुर के परिवार में तीन वर्षीय पुत्र शुभ का मुंडन कराने के लिए बक्सर स्थित चंद्रिका देवी मंदिर में गए थे। बुधवार काे मुंडन कराकर वापस बोलेरे कार से लौट रहे थे। अभी वह बक्सर सुमेरपुर मार्ग पर एचपी पेट्रोल पम्प ग्राम सुमेरपुर के पास पहुंचे ही थे, तभी ओवरटेक करते समय एक डंपर (बीआर 03 जीसी 0838) और बोलेरो (यूपी 35 एन 6347) की टक्कर हो गयी, जिसमे करीब 11 लोग गम्भीर घायल हो गये।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने पठई निवासी गुलाब सिंह की पत्नी वितान (35), नरेंद्र बहादुर की पत्नी गीता (35) और एक अन्य महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुनीता, सूरज सिंह, भारती, सुभाष सिंह, गौरी, ड्राइवर रमधनी यादव, बउआ और ज्योति घायल हो गयी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरुण कुमार दीक्षित