home page

सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा की मौत, भतीजा घायल

 | 
सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा की मौत, भतीजा घायल


मीरजापुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के पड़री थाना क्षेत्र स्थित बर्जिमुकुंदपुर गांव के पास फोरलेन हाइवे पर बुधवार सुबह करीब पांच बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा की मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।

कम्हारी गांव निवासी 52 वर्षीय कन्हैया लाल मौर्य अपने भतीजे बृजराज (28) के साथ लालगंज थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में एक बारात में शामिल होने गए थे। बुधवार सुबह दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बर्जिमुकुंदपुर के पास हाइवे पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कन्हैया लाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा बृजराज गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घायल बृजराज को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा