तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी हार्वेस्टर में मारी टक्कर, किसान की मौत
औरैया, 05 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर रविवार काे हुए सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना शनिवार देर रात की है, जब खराबी के चलते सड़क किनारे खड़ी हार्वेस्टर मशीन में तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
पीलीभीत जिले के थाना दियोरिया कला क्षेत्र के ग्राम मीरपुर (रतनपुर) निवासी सतनाम सिंह अपने भाई संपूर्ण सिंह व अन्य साथियों करज सिंह और हरप्रीत सिंह के साथ हार्वेस्टर मशीन से महोबा से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनका वाहन अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के 294 किलोमीटर पर पहुंचा, हार्वेस्टर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया।
इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ( यूपी 80 जीटी 3421) के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए खड़ी हार्वेस्टर में टक्कर मार दी। हादसे में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 और एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल औरैया पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सतनाम सिंह को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को इलाज के लिए साै शैय्या अस्पताल चिचौली में भर्ती कराया गया। वहीं, हादसे में हार्वेस्टर मशीन भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस संबंध में मृतक सतनाम की पत्नी नन्ही की तहरीर पर थाना अजीतमल पुलिस ने आरोपित ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। अजीतमल कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि जल्द ही आरोपित चालक की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

