सड़क हादसे में कार सवार मां-बेटे की मौत, तीन घायल
फिरोजाबाद, 18 जुलाई (हि.स.)। थाना मक्खनपुर क्षेत्र अन्तर्गत शनिवार शाम सड़क हादसे में कार सवार मां-बेटे की मौत हो गई। जबकि चालक सहित तीन लोग घायल है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
थाना मक्खनपुर क्षेत्र अन्तर्गत नया बाईपास पर शनिवार शाम आगरा की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल राहगीरो की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घायलों में अग्रिम (8) पुत्र सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बच्चे की मां राखी निवासीगण कुरावली मैनपुरी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल सचिन, उनकी बेटी और चालक यश प्रताप सिंह का अस्पताल में उपचार हो रहा है। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ लेकिन पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू किया।
थाना प्रभारी मक्खनपुर चमन शर्मा का कहना है हादसे में मां-बेटे की मौत हुई है। जबकि तीन लोग घायल है। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

