home page

लखनऊ: सड़क हादसों में एक अधेड़ की मौत, दारोगा घायल

 | 
लखनऊ: सड़क हादसों में एक अधेड़ की मौत, दारोगा घायल


लखनऊ, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा थानाक्षेत्र में बुधवार को अलग अलग सड़क हादसाें में एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि एक दारोगा घायल हो गया। दोनों घटनाओं की जांच पुलिस कर रही है।

पारा थाना प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि खुशहालगंज ओवरब्रिज ढलान के पास किसान पथ पर सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस तत्काल मय पुलिस बल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ कि एक साइकिल सवार व्यक्ति को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये। उसे तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर उपचार के लिए केजीएमयू मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान उसके पास प्राप्त आधार कार्ड के आधार पर काकोरी के ग्राम बड़ागांव निवासी बोधी गौतम (58) के रूप में हुई। घटना की सूचना पर मृतक के पुत्र मिलन गौतम मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने परिवार के सामने आवश्यक कार्रवाई के लिए शव को केजीएमयू मोर्चरी भेजा। अज्ञात वाहन की पहचान एवं दुर्घटना के कारणों के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच की जा रही है।

इसी तरह जलालपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव सिंह रोजाना की तरह बुधवार सुबह नियमित मार्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान तिकोनिया तिराहे के पास उन्हें एक दरोगा को सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा देखा। फौरन घायल को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया। पूछताछ में घायल ने अपना नाम उपनिरीक्षक अनिल कुमार बताया, जो वर्तमान में थाना मानकनगर में तैनात हैं तथा थाना पारा क्षेत्र में निवास करते हैं। उनकी ड्यूटी थाना आशियाना क्षेत्र में अतिक्रमण अभियान के लिए लगी थी। वह अपने आवास से मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी तिकोनिया तिराहे के पास किसी अज्ञात कार ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान एवं चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक