डीसीएम ने साइकिल सवार को कुचला, मौत
फर्रुखाबाद, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में इटावा-बरेली हाईवे पर जीआरडी गेस्ट हाउस के सामने तेज रफ्तार डीसीएम ने शुक्रवार काे एक साइकिल सवार काे कुचल दिया।हादसे में साइकिल सवार की माैत हाे गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीशचंद्र ने बताया कि कादरी गेट क्षेत्र थाना के नारायणपुर निवासी मजदूर सुभाष उर्फ मल्लू (40) रोज की तरह अपनी साइकिल से दीनदयाल बाग स्थित एक प्रतिष्ठान पर छपाई का काम करने के लिए घर से निकले थे। इटावा-बरेली हाईवे पर जीआरडी गेस्ट हाउस के सामने तेज रफ्तार डीसीएम ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चालक और वाहन की तलाश में जुट गई है। मृतक अपने परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। वह अपने पीछे पत्नी फूलमती, बेटियां आकांक्षा, दुलारी, अंशिका और अंशी तथा भाई राजेश, रविश और मनोज को छोड़ गया है। परिजनाें ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

