home page

बाराबंकी : हैदरगढ़ में ट्रक-ट्रेलर की टक्कर से लगी भीषण आग, दो की जलकर मौत

 | 
बाराबंकी : हैदरगढ़ में ट्रक-ट्रेलर की टक्कर से लगी भीषण आग, दो की जलकर मौत


बाराबंकी, 10 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंक में कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर ग्राम चौबीसी के पास बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे के दाैरान वाहनाें में आग लग जाने से दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से झुलस गए। मुर्गी दाना लदे ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर के टकराने से दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।

पुलिस के अनुसार ट्रेलर में चालक समेत चार लोग सवार थे। टक्कर के बाद लगी आग में ट्रेलर चालक और एक अन्य सवार जिंदा जल गए। एक शव मुर्गी दाने के ढेर में दब गया, जिसे फायर ब्रिगेड ने सुबह छह घंटे की मशक्कत के बाद निकाला। दोनों मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। हादसे में निगोंहा थाना क्षेत्र के नयाखेड़ा गांव निवासी मनोज कुमार (40) व एक अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने दोनों को बाहर निकालकर सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक देख लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रक के चालक व सवारों का अभी पता नहीं चल सका है।

प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतकों की उम्र और पते की जानकारी जुटाई जा रही है। घायलों का इलाज चल रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। आग पर काबू पाने के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य कराया गया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी