रालोद कार्यकर्ता बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
लखनऊ, 08 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह की अध्यक्षता में कार्यकर्ता बैठक हुई। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पूर्वांचल तक कार्यकर्ताओं में उत्साह का दावा करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना प्राथमिकता बताया।
त्रिलोक त्यागी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद और उनके सुझावों को महत्व देना जरूरी है। उन्होंने पदाधिकारियों से गांव, कस्बों और शहरों में जनता के बीच पहुंचकर स्थानीय समस्याओं को समझने और उन्हें संगठन के माध्यम से उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह की किसान, मजदूर और ग्रामीण हितों की विचारधारा को राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि प्रदेश में संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद पर जोर दिया जा रहा है। युवाओं, किसानों, महिलाओं और श्रमिकों को संगठन से जोड़ने के प्रयास तेज किए जाएंगे।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना प्रदेश संगठन की प्राथमिकता है। आने वाले दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और संवाद का सिलसिला तेज किया जाएगा।
राष्ट्रीय महासचिव एवं संसदीय बोर्ड सदस्य अनिल दुबे ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि बैठक में अनिल दुबे की माताजी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन की गतिविधियों को लेकर सुझाव भी रखे।
बैठक में डॉ. सुरेश यादव, चंद्रबली यादव, कर्नल ब्रह्मपाल तोमर, अम्बुज पटेल, रोहित अग्रवाल, महेश पाल धनगर, परिणीता सिंह समेत विभिन्न प्रकोष्ठों और जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

