home page

मीरजापुर: विहिप ने सामाजिक समरसता के लिए कार्य करने का लिया संकल्प

 | 
मीरजापुर: विहिप ने सामाजिक समरसता के लिए कार्य करने का लिया संकल्प


मीरजापुर, 08 सितंबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के स्थापना दिवस पर मंगलवार को चुनार जिले के जमालपुर प्रखंड की ओर से ओड़ी गांव स्थित शैक्षणिक कोचिंग सेंटर परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा सामाजिक समरसता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

मुख्य वक्ता जिला संगठन मंत्री सुरेश सनातनी ने कहा कि छुआछूत, भेदभाव और सामाजिक दूरी समाप्त कर संगठित एवं समरस समाज के निर्माण के उद्देश्य से वर्ष 1964 में विश्व हिंदू परिषद की स्थापना हुई थी। उन्होंने कहा कि परिषद जाति, मत, पंथ, भाषा और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर सामाजिक एकता और समरसता के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि गौरक्षा, सेवा, सामाजिक जागरूकता समेत विभिन्न क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अशोक सिंहल के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर कार्यकर्ताओं से परिषद की नीतियों और सेवा कार्यों को गांव-गांव तथा जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम में शुभम श्रीवास्तव, केवल सिंह, सालिक राम, प्रेम बहादुर, पंकज सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा