home page

टोल प्लाजा हटाने को लेकर आंदोलन की चेतावनी, कांग्रेस का आरोप- सरकार के इशारे पर लूट

 | 
टोल प्लाजा हटाने को लेकर आंदोलन की चेतावनी, कांग्रेस का आरोप- सरकार के इशारे पर लूट


- सात अप्रैल को कांग्रेस का हल्ला बोल, अनिश्चितकालीन धरना

- अहरौरा टोल प्लाजा पर 20 किमी तक फ्री पास की मांग

मीरजापुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय मिशन कंपाउंड में शुक्रवार को आयोजित बैठक में अहरौरा स्थित कथित फर्जी टोल प्लाजा को हटाने और 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को फ्री पास देने की मांग जोर-शोर से उठाई गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल ने कहा कि सरकार के इशारे पर जनता के परिश्रम की कमाई पर फर्जी टोल टैक्स के जरिए लूट की जा रही है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष आरोप लगाया कि इस मामले में सांसद और विधायक की मिलीभगत है, क्योंकि वे इस मुद्दे पर मौन साधे हुए हैं। उन्होंने घोषणा की कि इन मांगों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी 7 अप्रैल को दोपहर 12 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेगी। बैठक में मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई चरम पर है, किसान परेशान हैं और नौजवान बेरोजगारी से जूझ रहे हैं।

जिला पंचायत सदस्य शिवशंकर चौबे और कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य व प्रवक्ता छोटे खान ने शहर की बदहाल सड़कों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नगर की सड़कों की हालत इतनी खराब है कि लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। रमईपट्टी से कनौरा मार्ग तक की सड़क की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल सड़कों के निर्माण की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बैठक में अनुसूचित जाति के प्रदेश महासचिव दुर्गा प्रसाद चौधरी और शहर अध्यक्ष डॉ. दिनेश चौधरी का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पूर्व नपा चेयरमैन दीपचंद्र जैन, गुलाब चंद पांडेय, रमेश चंद प्रजापति आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा