home page

गोगांव में 7 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास, गंगा कटान से मिलेगी राहत

 | 
गोगांव में 7 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास, गंगा कटान से मिलेगी राहत


मीरजापुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। वर्षों से गंगा के कटान की मार झेल रहे गोगांव के ग्रामीणों को शनिवार को बड़ी राहत मिली, जब दाएं तट पर कटान निरोधक परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया गया। ब्रह्म बाबा घाट पर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधायक रिंकी ने नारियल फोड़कर कार्य का शुभारम्भ किया।

विधायिका ने कहा कि पश्चिम वाहिनी गंगा की तेज धारा से हर साल होने वाले कटान पर अब प्रभावी रोक लगेगी और तटवर्ती लोगों की जमीन व घर सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।

एसडीओ उमेश द्विवेदी ने बताया कि करीब सात करोड़ रुपये की लागत से परियोजना का निर्माण कराया जाएगा और शासन से धनराशि भी जारी हो चुकी है। अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार ने गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य कराने का भरोसा दिलाया।

जन जागरण विकास मंच के संयोजक रतनलाल दुबे ने कहा कि डेढ़ दशक के लम्बे संघर्ष के बाद यह पहल संभव हो सकी है। मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंद्र कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिनमें परियोजना को लेकर खासा उत्साह दिखा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा