फतेहपुर में शार्ट सर्किट से रेडीमेड दुकान में लगी आग, लाखों रुपए के कपड़े जले
फतेहपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रेडीमेड कपड़े की गारमेंट्स की एक दुकान में गुरुवार की सुबह बिजली की शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखे लाखों के कपड़े जल कर राख हो गये।
बिंदकी कोतवाली व कस्बे के मुगल रोड स्थित लक्ष्मी होटल के बगल में नदीम निवासी मोहल्ला मुगलाही की मोनू गारमेंट्स नाम की दुकान में आज सुबह अचानक बिजली की शार्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान मालिक नदीम ने बताया कि आज सुबह मुझे दुकान के पड़ोसियों से दुकान में आग लगने की जानकारी मिली, जब तक मौके पर पहुंचते तक तक आग विकराल रूप धारण कर लिया और घटना की जानकारी पर पहुंची दमकल विभाग की टीम जब तक आग बुझाती तब तक दुकान में रखे कीमती रेडीमेड कपड़े जल गये हैं।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड के साथ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बिंदकी हेमंत कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि काफी प्रयास के बाद आग को बुझाया जा सका। आगजनी की घटना की जांच की जा रही।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

