आरती के साथ रामलीला महोत्सव का शुभारंभ, पहली प्रस्तुति रही नारद मोह
मीरजापुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में ड्रमंडगंज बाजार अंतमर्गत मंगलवार रात श्री रामलीला कमेटी की ओर से रामलीला महोत्सव का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत निवर्तमान लोकसभा प्रत्याशी व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता मनीष त्रिपाठी ने समिति के पदाधिकारियों के साथ भगवान गणेश, मां सरस्वती, बजरंगबली और भगवान विष्णु की आरती कर की। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद रामलीला महोत्सव की पहली प्रस्तुति के रूप में ‘नारद मोह’ लीला का मंचन किया गया। कलाकारों के अभिनय, संवाद और भाव-भंगिमाओं ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
इस मौके पर भाजपा नेता मनीष त्रिपाठी, अरुण मिश्रा और देवहट ग्राम प्रशासक कौशलेंद्र गुप्ता ने रामलीला के महत्व पर विचार रखे। कमेटी अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। व्यास की भूमिका शिवदाश दुबे और संचालन तारकेश्वर केशरी ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

