home page

मुकुट पूजन के साथ शुरू हुई 190वें वर्ष की राघवेन्द्र रामलीला

 | 
मुकुट पूजन के साथ शुरू हुई 190वें वर्ष की राघवेन्द्र रामलीला


मीरजापुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। चुनार नगर की ऐतिहासिक श्री राघवेन्द्र रामलीला नाट्य समिति की रामलीला का 190वां वर्ष शनिवार देर शाम रामलीला मैदान में मुकुट पूजन के साथ शुरू हुआ। मुख्य अतिथि एसडीएम अनेग सिंह ने भगवान श्रीराम के मुकुट की पूजा कर रामलीला महोत्सव का शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि चुनार की रामलीला 190 वर्षों से चली आ रही परंपरा है। यह केवल मंचन नहीं, बल्कि संस्कृति और मर्यादा से जुड़ी विरासत है। खास बात यह है कि रामलीला में स्कूली-कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ सरकारी कर्मचारी, व्यापारी और स्थानीय लोग भी विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाते हैं।

व्यास कैलाश नाथ त्रिपाठी और आचार्य बृजेश चतुर्वेदी व पं. शशिकांत मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीराम के मुकुट और रामलीला के पात्रों का पूजन कराया। इसके साथ ही मंचन की विधिवत शुरुआत हुई।

इस वर्ष समर्थ वैद्य श्रीराम, वाचस्पति त्रिपाठी भरत, अश्वनी दुबे लक्ष्मण, लक्ष्य पुजारी शत्रुघ्न, एस. मिश्रा माता सीता, गोविंद जायसवाल रावण और राम आसरे दास बाणासुर की भूमिका निभाएंगे।

इस दौरान समिति के संरक्षक बचाऊ लाल सेठ, अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पांडेय, आरएस पांडेय, अमित गुप्ता, संजय साहू, बृजनंदन कुशवाहा, सुजीत कुमार, डॉ. बंगलेश पांडेय, पवन जायसवाल, सौरभ पुजारी, बबलू खरवार समेत बड़ी संख्या में रामलीला प्रेमी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा