भाकियू नेता के घर पहुंचे राकेश टिकैत, दी श्रद्धांजलि
मीरजापुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। अहरौरा क्षेत्र के धुरिया गांव निवासी भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव प्रहलाद सिंह की पत्नी हीरावती देवी के आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। मंगलवार को हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया था। निधन की सूचना पर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत सोमवार को बाबतपुर (वाराणसी) से सीधे धुरिया गांव पहुंचे और दिवंगत हीरावती देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान क्षेत्र के सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि सभा में टिकैत ने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है। उन्होंने 13वीं पर होने वाले खर्चीले भोज पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे फिजूल खर्च पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि शोक के समय केवल सादगी से चाय-पानी की व्यवस्था ही पर्याप्त है।
किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए उन्होंने हालिया ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जिक्र किया और कहा कि सरकार को प्रति एकड़ के हिसाब से किसानों को उचित मुआवजा देना चाहिए।
पश्चिम बंगाल में चुनाव को लेकर भी उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को पूरे देश का प्रतिनिधि होना चाहिए, न कि किसी एक दल का। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धनाथ सिंह सहित कई किसान नेता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

