मुरादाबाद में दोपहर तक रुक-रुक कर हुई बारिश ने लोगों को मानसून का एहसास कराया
मुरादाबाद, 08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में शुक्रवार को रुक-रुक कर बारिश हुई। अप्रैल माह में गर्मी से बेहाल रहे पीतलनगरीवासियों को मई माह ने राहत दी है। आज हुई बारिश ने लोगों को मानसून का एहसास कराया। इस बारिश के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से दस डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग की वेबसाइट पर आगामी दिनों में मौसम साफ रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
गुरुवार रात करीब दाे बजे से ही मौसम में बदलाव होने लगा था। लगभग आधा घंटे तक आंधी चलने के बाद बारिश का दौर शुरु हुआ, जो शुक्रवार दोपहर दो बजे तक जारी रहा। कभी तेज बारिश, कभी रिमझिम तो कभी बूंदाबांदी होती रही। दिनभर बादल छाए रहने से हवा भी सर्द हो गई।
राजकीय इंटर काॅलेज स्थित मौसम प्रयोगशाला में डाटा संग्रह केंद्र के प्रभारी निसार अहमद ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। हालांकि अधिकतम तापमान सामान्य से दस डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह वातावरण में नमी 85 फीसदी थी, जो शाम को 79 फीसदी दर्ज की गई। बीती रात में हवा की गति 25 किलोमीटर प्रति घंटा दक्षिण दिशा से रही।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

