home page

यूपी के लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश, मुख्यमंत्री योगी ने दिए निर्देश

 | 
यूपी के लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश, मुख्यमंत्री योगी ने दिए निर्देश


-खराब मौसम को लेकर सीएम योगी की अपील, कहा- सतर्क रहें प्रदेशवासी

लखनऊ, 04 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। खराब मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। आंधी, तेज हवाओं और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने देर रात जारी बयान में लोगों को आगाह किया था। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए। किसानों से अपनी फसल और पशुधन का भी ख्याल रखने की अपील की है।

बच्चों को घर के अंदर रखने की मुख्यमंत्री ने की अपील

मुख्यमंत्री योगी ने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि खराब मौसम के दौरान बच्चों को घर के अंदर ही रखें। वहीं प्रशासन को भी पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलाधिकारियों, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। राहत और बचाव टीमों को सक्रिय कर दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके। सरकार हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है, लेकिन जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।

प्रदेश के मौसम केंद्र ने कई जिलों में भारी ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। खासकर तराई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और लखीमपुर खीरी में इसका अधिक असर देखने को मिल सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला