home page

वाराणसी मंडल में 204 स्टेशनों, 115 रेलवे कॉलोनियों में जल स्रोतों की हुई नियमित जांच

 | 
वाराणसी मंडल में 204 स्टेशनों, 115 रेलवे कॉलोनियों में जल स्रोतों की हुई नियमित जांच


वाराणसी, 29 सितम्बर (हि. स.)। वाराणसी मंडल में यात्रियों और रेल परिवार को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल स्रोतों और वितरण प्रणाली की नियमित जांच की जा रही है। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि वाराणसी मंडल के 204 स्टेशनों, 115 रेलवे कॉलोनियों, आठ कोचिंग डिपो, चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों, सात रनिंग रूम, चार क्रू लॉबी और कार्यालयों में जल टंकियों, वाटर कूलर, फिल्टर, पाइपलाइन और पंपिंग सिस्टम की निगरानी की जा रही है।

जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि 21 से 27 सितंबर तक की अवधि में मंडल में 588 अवशिष्ट क्लोरीन परीक्षण किए गए। वहीं, 68 जल नमूनों का बैक्टीरियोलॉजिकल परीक्षण और चार नमूनों का रासायनिक विश्लेषण राज्य सरकार की प्रयोगशाला में कराया गया। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा निर्धारित सैंपलिंग प्रोटोकॉल के तहत जल स्रोतों और वितरण बिंदुओं से नमूने लिए जा रहे हैं। जल टंकियों, वाटर कूलर, यूवी, आरओ सिस्टम, फिल्टर, वाटर टैप और पाइपलाइनों की नियमित सफाई, डिसइंफेक्शन और प्रिवेंटिव मेंटेनेंस भी किया जा रहा है। चिकित्सा और इंजीनियरिंग विभाग की टीमें निर्धारित समय-सारणी के अनुसार निरीक्षण एवं अनुरक्षण कर रही हैं।

यात्रियों और रेलकर्मियों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना रेल प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए जल गुणवत्ता की निगरानी लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद