home page

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दोहरे हादसे में, स्कार्पियो सवार बिहार निवासी 6 लोग घायल

 | 
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दोहरे हादसे में, स्कार्पियो सवार बिहार निवासी 6 लोग घायल


सुलतानपुर, 08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पैकेज दो पर शुक्रवार भोर में एक दोहरा सड़क हादसा हुआ। किमी 78.7 पर पहले एक रोडवेज जनरथ बस ने आगे चल रहे एक ट्राला को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त बस ओवरटेक लाइन में खड़ी थी तभी पीछे से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उसमें टक्कर मार दी। इस दोहरे हादसे में कुल 9 लोग घायल हो गए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

आजमगढ़ जा रही जनरथ बस को चालक अवनीश पांडे चला रहे थे। बस में 33 यात्री सवार थे। ट्राला से टक्कर के बाद बस में सवार तीन यात्रियों को हल्की चोटें आईं। दुर्घटना के बाद बस ओवरटेक लाइन में खड़ी थी और चालक-परिचालक यात्रियों को बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान, पीछे से आ रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खड़ी बस में जा घुसी। स्कॉर्पियो को आशीष कुमार पांडे चला रहे थे। स्कॉर्पियो में सूर्य प्रकाश, प्रतिमा सिंह, हर्षित प्रकाश, हेमंत सिंह, हार्दिक सिंह और हर्षल प्रकाश सहित 6 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो में सवार सभी 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी बक्सर, बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं।

क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने शुक्रवार को बताया कि सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। सभी 9 घायलों को एंबुलेंस की मदद से कुमारगंज स्थित 100 बेड अस्पताल (सीएचसी) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद स्कॉर्पियो के 6 गंभीर घायलों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बस के तीन घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाकर यातायात सामान्य किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त