home page

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पंचर मिस्त्री की मौत

 | 
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पंचर मिस्त्री की मौत


-बिजली केबल जोड़ते समय हुआ हादसा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मीरजापुर, 05 अगस्त (हि.स.)। पड़री थाना क्षेत्र के डगमगपुर में बुधवार सुबह बिजली केबल जोड़ते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक पंचर मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।

अहरौरा थाना क्षेत्र के पटियटा खुटहा गांव निवासी अजहरुद्दीन (40) पिछले तीन वर्षों से डगमगपुर स्थित क्रेशर प्लांट के पास पंचर बनाने की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा कि दुकान की बिजली आपूर्ति बाधित होने पर बुधवार सुबह करीब सात बजे वह केबल जोड़ने के लिए नीम के पेड़ पर चढ़े थे। इसी दौरान पेड़ के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने पोस्टमार्टम न कराने की इच्छा जताई, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।

अजहरुद्दीन चार भाइयों में सबसे बड़े थे। वह पंचर बनाने का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके निधन से पत्नी सिब्बी बेगम, पुत्र ऐनुल, ईबरार तथा अन्य परिजन का रो-रोकर हाल बेहाल है। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा