home page

जौनपुर : 380 परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी से निगरानी, कुलपति ने नियंत्रण कक्ष का किया निरीक्षण

 | 
जौनपुर : 380 परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी से निगरानी, कुलपति ने नियंत्रण कक्ष का किया निरीक्षण


जौनपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर के महाविद्यालयों में संचालित परीक्षाओं की निगरानी के लिए विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष से 380 परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जा रही है। शुक्रवार को कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह के साथ नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान कुलपति ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विभिन्न महाविद्यालयों में चल रही परीक्षाओं का अवलोकन किया और निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। दोनों जनपदों में परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित की जा रही हैं। प्रथम पाली में बीएससी प्रथम सेमेस्टर के हेल्थ केयर मैनेजमेंट तथा एमए म्यूजिक प्रथम सेमेस्टर के तबला एवं गायन विषय की परीक्षाएं हुईं। दूसरी पाली में बीए तृतीय सेमेस्टर के अंग्रेजी विषय की परीक्षा 278 केंद्रों पर आयोजित की गई। तीसरी पाली में बीए पंचम सेमेस्टर के संस्कृत एवं म्यूजिक, बीएससी पंचम सेमेस्टर के माइक्रोबायोलॉजी तथा एमकॉम के कॉमर्स विषय की परीक्षाएं संपन्न हुईं।

कुलपति ने परीक्षा की पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी परीक्षा व्यवस्था को सुचारु एवं पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह की ओर से केंद्राध्यक्षों के लिए जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इनकी रिकॉर्डिंग कम से कम 60 दिनों तक सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में न्यूनतम दो कैमरे लगाए जाएंगे। प्रश्नपत्र भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में केंद्राध्यक्ष और दो कक्ष निरीक्षकों के हस्ताक्षर के बाद ही खोले जाएंगे।

निगरानी व्यवस्था का संचालन सीसीटीवी निगरानी समिति के संयोजक प्रो. प्रमोद कुमार यादव, नियंत्रण कक्ष प्रभारी करुणा निराला और उनकी टीम द्वारा किया जा रहा है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव