पीयू में पीएचडी प्रवेश परीक्षा में देरी से अभ्यर्थियों में रोष 2024-26 सत्र के लिए 103 अभ्यर्थियों ने नहीं जमा की फीस
जौनपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश परीक्षा सत्र 2024-25 की प्रक्रिया धीमी गति से आगे बढ़ रही है। जिससे अभ्यर्थियों में इसे लेकर रोष है। हालांकि अब विवि प्रशासन तेजी लाने की बात कह रहा है।
परीक्षा नियंत्रक विनोद कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि विश्वविद्यालय ने 47 विषयों में पीएचडी प्रवेश के लिए कुल अभ्यर्थियों को डिपार्टमेंट रिसर्च कमेटी (आरडीसी) में शामिल होने हेतु पत्र जारी किया जा चुका है। आरडीसी के माध्यम से अभ्यर्थियों के शोध विषय और गाइड से संबंधित प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी की जाती है जिसके बाद रिसर्च डिग्री कमेटी (आरडीसी) द्वारा अंतिम स्वीकृति दी जाती है। विश्वविद्यालय प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार अब तक 838 अभ्यर्थियों की आरडीसी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और उन्हें प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए पत्र भी जारी कर दिए गए हैं। हालांकि इनमें से केवल 735 अभ्यर्थियों ने ही शुल्क जमा किया है, जबकि 103 अभ्यर्थियों ने अभी तक फीस जमा नहीं की है। विवि प्रशासन ने बताया कि इन व़िद्यार्थियों को एक माह तक का समय दिया गया था; विवि प्रशासन को तेजी लाने के लिए कहा गया है। जब तक सभी अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक अगले सत्र की पीएचडी प्रवेश परीक्षा की अधिसूचना जारी करना मुश्किल होगा। -----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

