जौनपुर : विश्वविद्यालय की प्रयोगशाला में उगाया ऑयस्टर मशरूम, अब बिस्कुट और नमकीन बनाने की तैयारी
जौनपुर, 4 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के बीएससी एग्रीकल्चर के विद्यार्थियों ने कृषि क्षेत्र में नवाचार की पहल करते हुए प्रयोगशाला में ऑयस्टर मशरूम का उत्पादन किया है। विद्यार्थियों ने बुधवार को कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह से उनके कार्यालय में मुलाकात कर स्वयं उत्पादित ताजा मशरूम भेंट किया। अब विद्यार्थी मशरूम से बिस्कुट, नमकीन और समोसा जैसे खाद्य उत्पाद तैयार करने की दिशा में प्रयोग करने की तैयारी कर रहे हैं।
मशरूम उत्पादन विश्वविद्यालय परिसर स्थित महर्षि पराशर कृषि विज्ञान संस्थान की प्रयोगशाला में किया गया। इसके लिए प्ल्यूरोटस सजोर-काजू और प्ल्यूरोटस फ्लोरिडा प्रजातियों के कुल 63 बैग तैयार किए गए। स्पॉनिंग के लगभग 25 दिन बाद पहली बार मशरूम की हार्वेस्टिंग की गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने कुलपति को मशरूम उत्पादन की प्रक्रिया, अपनाई गई तकनीक और अपने व्यावहारिक अनुभवों की जानकारी दी। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि कृषि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए। विद्यार्थियों को प्रयोग और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने के अवसर मिलने चाहिए। इस तरह की पहल उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और उद्यमशीलता की भावना विकसित करती है।
उन्होंने कहा कि मशरूम उत्पादन स्वरोजगार और उद्यमिता की दृष्टि से बेहतर विकल्प है। कम स्थान और अपेक्षाकृत कम संसाधनों में भी इसका उत्पादन किया जा सकता है। विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाते हुए नए अवसर तलाशने चाहिए।
डॉ. शुभम सिंह ने बताया कि मौसम के अनुसार वर्षभर मशरूम की विभिन्न प्रजातियों का उत्पादन किया जा सकता है। सर्दियों में बटन और ऑयस्टर तथा गर्मियों में मिल्की और पैडी स्ट्रॉ मशरूम का उत्पादन उपयुक्त है। मशरूम कम कैलरी वाला तथा प्रोटीन और फाइबर से भरपूर खाद्य पदार्थ है। इसमें विटामिन बी-2, बी-3 और बी-5 के साथ पोटैशियम, सेलेनियम और जिंक जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इस अवसर पर संस्थान के समन्वयक प्रो. गिरिधर मिश्रा, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. अजय प्रताप सिंह, डॉ. जेपी सिंह, डॉ. हरिवंश सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार यादव, डॉ. सत्यम प्रजापति एवं डॉ. विपिन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

