मुख्यमंत्री योगी ने प्रयागराज में चार मजदूराें की माैत पर जताया शाेक, मृतकों के परिवार को मुआवजे का ऐलान
लखनऊ, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज जिले में स्थित कोल्ड स्टोरेज की छत ढहने की घटना में चार मजदूराें की माैत का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवार को दो- दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज जिले में स्थित कोल्ड स्टोरेज की छत ढहने की घटना में मरने वालाें के प्रति अपनी शोक संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश प्रशासनिक अधिकारियों को दिए हैं।
उपमुख्यमंत्री केशस प्रसाद मौर्य ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जनपद प्रयागराज के कोल्ड स्टोरेज में हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि अत्यंत हृदयविदारक है। मेरी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य प्रदान करें। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी अपनी शोक संवेदना प्रकट की हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रयागराज में लखनऊ रोड पर चांदपुर गांव के सामने आदर्श कोल्ड स्टोर की छत ढह गई थी। इस हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई है और 15 घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

