home page

जनगणना में सही जानकारी दें, आधार और ओटीपी मांगने वालों से रहें सावधान

 | 
जनगणना में सही जानकारी दें, आधार और ओटीपी मांगने वालों से रहें सावधान


मीरजापुर, 13 नवंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने नागरिकों से जनगणना के दौरान प्रगणकों को सही और स्पष्ट जानकारी देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना कर्मियों के घर पहुंचने पर परिवार, मकान, शिक्षा, रोजगार समेत पूछी गई जानकारियां सही-सही उपलब्ध कराएं। किसी भी तरह की गलत या भ्रामक जानकारी न दें।

डीएम ने नागरिकों को फर्जीवाड़े से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि जनगणना कर्मियों का आधिकारिक पहचान पत्र अवश्य देखें। कोई भी जनगणना कर्मी आधार नंबर, पैन नंबर, बैंक खाते का विवरण या ओटीपी नहीं मांगेगा। यदि कोई इन जानकारियों की मांग करता है तो सतर्क रहें और ऐसे किसी भी झांसे में न आएं।

उन्होंने कहा कि प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य कर रहे हैं। नागरिक उन्हें आवश्यक समय दें और पूरा सहयोग करें। जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत सही जानकारी देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जानबूझकर गलत जानकारी देना या जनगणना कार्य में सहयोग से इनकार करना कानूनन अपराध है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा