मीरजापुर : आरक्षण के विरोध में सड़क पर उतरा सर्व समाज
- घंटाघर से कचहरी तक निकला जुलूस
मीरजापुर, 09 अगस्त (हि.स.)। क्रांति दिवस के अवसर पर रविवार को आरक्षण के विरोध में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना की अगुवाई में सर्व समाज के लोगों ने शहर में पैदल जुलूस निकाला। घंटाघर से शुरू हुआ जुलूस कचहरी पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘आरक्षण हटाओ, देश बचाओ’ और ‘प्रतिभा का सम्मान करो’ जैसे नारे लगाए।
जुलूस के बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से जातिगत आरक्षण समाप्त कर सभी नागरिकों को समान अवसर देने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जातिगत आधार पर आरक्षण से योग्यता और प्रतिभा प्रभावित हो रही है। उनका आरोप था कि इससे समाज में भेदभाव और संघर्ष की स्थिति भी पैदा हो रही है। उन्होंने सरकार से आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा कर सभी वर्गों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग की।
जुलूस में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह गहरवार, पंडित साधु तिवारी, अरविंद तिवारी, अभिषेक सिंह धवल, शिवम सिंह, पंचम सिंह, रोहित सिंह, डॉ. अवनीश सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर नारेबाजी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

