home page

टेट अनिवार्यता के खिलाफ मशाल जुलूस की तैयारी तेज, शिक्षकों ने भरी हुंकार

 | 
टेट अनिवार्यता के खिलाफ मशाल जुलूस की तैयारी तेज, शिक्षकों ने भरी हुंकार


मीरजापुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। टेट अनिवार्यता के विरोध में 13 अप्रैल को होने वाले मशाल जुलूस को लेकर शिक्षकों ने तैयारी तेज कर दी है। गुरुवार को मीरजापुर जिले के भरूहना त्रिमुहानी के पास अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ की बैठक में इसे ऐतिहासिक बनाने की रणनीति बनाई गई।

बैठक में विभिन्न शिक्षक संगठनों ने एकजुटता दिखाते हुए तय किया कि 13 अप्रैल को दोपहर तीन बजे तक सभी पदाधिकारी बरियाघाट स्थित बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे। वहां से सैकड़ों शिक्षकों के साथ मशाल जुलूस निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय तक प्रदर्शन किया जाएगा।

शिक्षकों ने कहा कि सेवारत शिक्षकों पर टेट अनिवार्यता थोपना अन्यायपूर्ण है और इसके खिलाफ जोरदार आवाज उठाई जाएगी। बैठक में मौजूद शिक्षकों ने आंदोलन को सफल बनाने के लिए व्यापक भागीदारी का आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता आकाश उपाध्याय ने की। इस दौरान अंजना सिंह, वैभव सिंह यादव, आशिक इकबाल समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा