home page

मीरजापुरः चौपाल में पंचायत सहायक की कार्यप्रणाली की जांच के निर्देश

 | 
मीरजापुरः चौपाल में पंचायत सहायक की कार्यप्रणाली की जांच के निर्देश


मीरजापुर, 10 जुलाई (हि.स.)। जिगना क्षेत्र के भिलगौर गांव स्थित पंचायत भवन में शुक्रवार को आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने पंचायत व्यवस्था, पेयजल, विद्युत एवं अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। शिकायतों पर अपर जिला पंचायत राज अधिकारी (एडीपीआरओ) प्रेमदास ने पंचायत सहायक की कार्यप्रणाली की जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर पद रिक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों की शिकायतों पर ग्राम सचिव को भी कड़ी फटकार लगाई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत भवन का कंप्यूटर पिछले दो वर्षों से अनुपयोगी पड़ा है। पंचायत सहायक पुष्पा देवी ने बताया कि उन्हें दो वर्षों से मानदेय नहीं मिला है तथा उनकी आईडी भी निरस्त कर दी गई है। वहीं ग्राम प्रधान चंपा देवी ने पंचायत सहायक पर कंप्यूटर एवं अन्य उपकरणों के रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाया।

चौपाल में जल जीवन मिशन की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से आधे गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने तथा मकानों के ऊपर से गुजर रही उच्चदाब विद्युत लाइन के नंगे तार हटाने की भी मांग उठी। एडीपीआरओ (तकनीकी) सुमन पटेल ने राजस्व, विद्युत, समाज कल्याण एवं जल जीवन मिशन के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इससे चौपाल की व्यवस्था का उद्देश्य प्रभावित हो रहा है।

एडीओ पंचायत बृजेश सिंह ने ग्राम सचिव को रोस्टर के अनुसार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चेहरा गांव की प्रशासक संगीता देवी ने बाढ़ से सुरक्षा के लिए कटानरोधी परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेजने की मांग की। नोडल अधिकारी अरुण मिश्रा ने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी को अवगत कराया जाएगा।

चौपाल में दिव्यांग बुद्धिराम ने जल निकासी के लिए सोख्ता गड्ढा बनवाने की मांग रखी। कार्यक्रम में कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक पीयूष मिश्रा, ग्राम सचिव मुश्ताक अहमद, रोजगार सेवक सुष्मिता पांडेय, पंचायत सहायक रचना सोनकर सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा