home page

गड़बड़ा धाम में नवरात्र मेले की तैयारी पूरी, सुरक्षा में तैनात रहेगी तीन थानों की पुलिस

 | 
गड़बड़ा धाम में नवरात्र मेले की तैयारी पूरी, सुरक्षा में तैनात रहेगी तीन थानों की पुलिस


गड़बड़ा धाम में नवरात्र मेले की तैयारी पूरी, सुरक्षा में तैनात रहेगी तीन थानों की पुलिस


- 40 सफाईकर्मी दो पालियों में संभालेंगे व्यवस्था, पांच पुजारी और 10 वालंटियर कराएंगे दर्शन-पूजन

मीरजापुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। हलिया क्षेत्र के गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला मंदिर में शारदीय नवरात्र मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नवरात्र के दौरान मां के दर्शन-पूजन के लिए मध्यप्रदेश के सीधी, रीवा, सिंगरौली और सतना के साथ उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, सोनभद्र और भदोही से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, सफाई, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

हलिया थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि मेले में सुरक्षा के लिए हलिया, संतनगर और ड्रमंडगंज थानों की पुलिस के साथ एक प्लाटून पीएसी तैनात रहेगी। अग्निशमन वाहन भी उपलब्ध रहेगा। मंदिर परिसर में महिला कांस्टेबलों की तैनाती की जाएगी। पुलिसकर्मी भीड़ नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहेंगे।

दो पालियों में होगी सफाई

एडीओ पंचायत रूपेश श्रीवास्तव ने बताया कि मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए 40 सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें पहली पाली में 25 और दूसरी पाली में 15 कर्मचारी तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था की गई है। महिलाओं की सुविधा के लिए स्नान घाटों पर कपड़े बदलने हेतु पर्दे भी लगाए गए हैं।

सीसीटीवी से होगी निगरानी

मंदिर प्रबंधक प्रकाश चंद्र शुक्ल, सुभाष चंद्र शुक्ल और ज्ञान चंद शुक्ल ने बताया कि दर्शन-पूजन की व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पांच पुजारी और 10 वालंटियर तैनात रहेंगे। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। वालंटियर श्रद्धालुओं को दर्शन कराने और भीड़ के बीच व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे।

मेले में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में मां शीतला के दर्शन कराने के लिए संबंधित विभागों ने व्यवस्थाएं दुरुस्त की हैं। पुलिस बल की तैनाती, नियमित सफाई और सीसीटीवी निगरानी के जरिए मेले के दौरान सुरक्षा व स्वच्छता बनाए रखने पर जोर रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा